कटिहार में जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर अवैध वसूली का आरोप: आंगनबाड़ी सेविका का वीडियो वायरल, जांच के आदेश
कटिहार: कटिहार जिले के फलका प्रखंड की रहटा पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-12 में जन्म प्रमाण पत्र के आवेदन पर हस्ताक्षर करने के बदले कथित रूप से पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि आंगनबाड़ी सेविका चम्पा मुर्मू जन्म प्रमाण पत्र के आवेदन पर हस्ताक्षर करने के लिए लाभार्थियों से 150 से 200 रुपये तक की मांग कर रही थीं। ग्रामीणों राजेश कुमार, पंकज कुमार समेत अन्य लोगों का कहना है कि जो लोग पैसे नहीं देते थे, उनके आवेदन की प्रक्रिया जानबूझकर लंबित रखी जाती थी।
वीडियो में पैसे लेते दिखने का दावा
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कथित तौर पर आंगनबाड़ी सेविका पैसे लेते हुए दिखाई दे रही हैं। वीडियो में उन्हें यह कहते हुए भी सुना जा सकता है कि यह राशि केवल उनके लिए नहीं, बल्कि "ऊपर तक" पहुंचानी पड़ती है। हालांकि, इस दावे की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसकी सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
सेविका ने मांगी निष्पक्ष जांच
आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए आंगनबाड़ी सेविका चम्पा मुर्मू ने खुद को निर्दोष बताया है। उन्होंने स्वीकार किया कि उनसे गलती हुई है, लेकिन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
सीडीपीओ ने गठित की जांच टीम
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) पुष्पा कुमारी ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित सेविका के खिलाफ नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।