किशनगंज में नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई: 400 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ तस्कर गिरफ्तार, पश्चिम बंगाल से लाकर करता था सप्लाई
किशनगंज: किशनगंज पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 100 एमएल की 400 बोतल (करीब 40 लीटर) कोडीनयुक्त कफ सिरप और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 10 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। सूचना थी कि नेपालगढ़ कॉलोनी के वार्ड संख्या-7 स्थित एक किराए के मकान में रह रहा युवक अवैध मादक पदार्थों का भंडारण और बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एएनटीएफ, जिला आसूचना इकाई और किशनगंज थाना पुलिस के जवान शामिल थे।
विशेष टीम ने नेपालगढ़ कॉलोनी स्थित किराए के मकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपी दिलखुश कुमार यादव (19 वर्ष) के कब्जे से कोडीन फॉस्फेट एवं ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त 400 बोतल कफ सिरप बरामद किया गया। मौके से मोटरसाइकिल (BR37 AF 4983) भी जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पश्चिम बंगाल से प्रतिबंधित कफ सिरप लाकर किशनगंज में उसका भंडारण और अवैध बिक्री करता था। पुलिस अब इस सप्लाई चेन की गहन जांच कर रही है और बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंक के जरिए पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों की अवैध संपत्तियों की भी जांच की जाएगी और नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में किशनगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलखुश कुमार यादव (19), पिता वीरेंद्र प्रसाद यादव, निवासी दुर्गापुर, थाना रौटा, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।