शादी से 8 दिन पहले उजड़ गई खुशियां: ट्रैक्टर की टक्कर में घायल युवक ने तोड़ा दम, 19 जुलाई को निकलनी थी बारात
सुपौल: सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। हरदी दुर्गा स्थान के समीप सुपौल–सिंहेश्वर मुख्य सड़क पर हरदी नहर के पास ट्रैक्टर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिस घर में 19 जुलाई को शहनाई गूंजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा है। युवक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के भेलवा वार्ड संख्या-03 निवासी 23 वर्षीय बिट्टू कुमार, पिता सोचेंद्र गुप्ता, के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बिट्टू शुक्रवार को अपनी मौसी के घर हटबरिया से मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान हरदी नहर के समीप सेफ्टी टैंक लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि बिट्टू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सुपौल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान शुक्रवार शाम उसकी मौत हो गई।
19 जुलाई को होनी थी शादी
परिजनों ने बताया कि बिट्टू परिवार का इकलौता बेटा था और 19 जुलाई 2026 को उसकी शादी तय थी। घर में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू हो चुका था और पूरे परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन एक सड़क हादसे ने पलभर में सारी खुशियां छीन लीं।
जिस घर से कुछ ही दिनों बाद बारात निकलनी थी, उसी घर से अब बिट्टू की अंतिम यात्रा निकली। बेटे की मौत से माता-पिता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, युवक की असमय मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।