Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:जमानत के नाम पर रिश्वत मांगने वाली महिला थानाध्यक्ष निलंबित, UPI से लेन-देन का खुलासा; चालक भी ड्यूटी से हटाया गया - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, July 4, 2026

BIHAR:जमानत के नाम पर रिश्वत मांगने वाली महिला थानाध्यक्ष निलंबित, UPI से लेन-देन का खुलासा; चालक भी ड्यूटी से हटाया गया

जमानत के नाम पर रिश्वत मांगने वाली महिला थानाध्यक्ष निलंबित, UPI से लेन-देन का खुलासा; चालक भी ड्यूटी से हटाया गया

शिवहर। बिहार के शिवहर जिले में जमानत दिलाने के नाम पर कथित रिश्वत मांगने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने महिला थाना की थानाध्यक्ष कल्याणी कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, मामले में शामिल गृहरक्षक चालक राकेश कुमार सिंह को भी ड्यूटी से वंचित कर दिया गया है।

यह कार्रवाई तरियानी थाना क्षेत्र के चकसुरगाही गांव निवासी सुजीत पासवान द्वारा की गई शिकायत के बाद की गई। सुजीत ने एसपी के जनता दरबार में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि महिला थाना कांड संख्या 34/26 में जमानत दिलाने के बदले महिला थानाध्यक्ष और चालक द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी।

जांच में सही पाए गए आरोप

शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच शिवहर के एसडीपीओ को सौंपी। जांच के दौरान शिकायतकर्ता के लगाए गए आरोप सही पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि महिला थाना के पास स्थित एक चाय दुकान के UPI खाते के माध्यम से रिश्वत की राशि का लेन-देन किया गया था। जांच टीम ने इस तथ्य की पुष्टि की।

तत्काल प्रभाव से कार्रवाई

जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने महिला थानाध्यक्ष कल्याणी कुमारी को निलंबित करते हुए पुलिस केंद्र, शिवहर में योगदान देने का निर्देश दिया है। वहीं गृहरक्षक चालक राकेश कुमार सिंह को भी ड्यूटी से हटा दिया गया है।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस

पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ यदि भ्रष्टाचार या अनुशासनहीनता के आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।