पुलिस बनकर राहगीरों से वसूली करने वाला गिरोह बेनकाब, होमगार्ड जवान समेत तीन गिरफ्तार
आरा/बड़हरा। भोजपुर जिले में पुलिस ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर राहगीरों से रंगदारी वसूलने और विरोध करने पर मारपीट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में बिहार गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के एक जवान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर ली है।
भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राज ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि सिन्हा थाना क्षेत्र के महुली घाट स्थित पीपा पुल पर कुछ लोगों द्वारा राहगीरों से जबरन पैसे वसूलने की सूचना मिली थी। आरोप था कि आरोपी शराब के नशे में लोगों से अवैध वसूली कर रहे थे और विरोध करने वालों के साथ मारपीट भी कर रहे थे। इतना ही नहीं, वे खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को धमका रहे थे।
छापेमारी में तीन आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के अखगांव निवासी एवं होमगार्ड जवान रोहित कुमार, नवादा थाना क्षेत्र के मिल्की अनाईठ निवासी सोनू कुमार तथा एकता नगर अनाईठ निवासी अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी शराब के नशे में थे।
तीन नामजद और दो अज्ञात पर केस दर्ज
इस मामले में कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के उदयभानपुर निवासी राजकुमार के बयान पर तीन नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।