Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR: BDO की पत्नी की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने पति पर जहर देकर हत्या का लगाया आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, July 4, 2026

BIHAR: BDO की पत्नी की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने पति पर जहर देकर हत्या का लगाया आरोप

दरभंगा के BDO की पत्नी की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने पति पर जहर देकर हत्या का लगाया आरोप

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में दरभंगा जिले के जाले प्रखंड में पदस्थापित बीडीओ की 29 वर्षीय पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने पति पर दूसरी महिला से संबंध होने और जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस और FSL टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और परिजनों से पूछताछ कर उनका बयान दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

2023 में हुई थी शादी, दो साल से प्रताड़ना का आरोप

मृतका के परिजनों के अनुसार अमृता की शादी वर्ष 2023 में बीडीओ मनोज कुमार से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही अमृता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। परिवार का दावा है कि बीडीओ का किसी दूसरी महिला से संबंध था और जब अमृता इसका विरोध करती थी तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि इसी विवाद के कारण साजिश के तहत अमृता को जहर देकर मार दिया गया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में बीडीओ मनोज कुमार का पक्ष सामने नहीं आया था।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

शुक्रवार रात अमृता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर मायके वाले बेला कन्हौली मोड़ स्थित उसके आवास पहुंचे और उसे तत्काल मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल ले गए। परिजनों को उम्मीद थी कि उसकी जान बच जाएगी, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में मातम छा गया।

आवेदन मिलने के बाद दर्ज होगी एफआईआर

मिठनपुरा थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। फिलहाल मृतका के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन का इंतजार किया जा रहा है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम व एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा होगा। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।