Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:सिंहेश्वर थाना में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, जांच शुरू; ASP बोले- मामले की हो रही जांच - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, July 4, 2026

MADHEPURA:सिंहेश्वर थाना में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, जांच शुरू; ASP बोले- मामले की हो रही जांच

हेडलाइन:

सिंहेश्वर थाना में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, जांच शुरू; ASP बोले- मामले की हो रही जांच

मधेपुरा।

मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह सिविल ड्रेस में एक युवक की लाठी से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना करीब एक सप्ताह पुरानी है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

पिटाई का शिकार युवक की पहचान सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के गौरीपुर निवासी मो. सोहैल के रूप में हुई है। उसे चोरी के आरोप में लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। वीडियो में युवक दर्द से चिल्लाता हुआ दिखाई दे रहा है।

युवक के नाना मो. युनुस ने बताया कि सोहैल लंबे समय से छोटी-मोटी चोरियां करता था, जिससे पूरा परिवार परेशान था। उनके अनुसार, एक सप्ताह पहले मिठाई चोरी के आरोप में लोगों ने उसे पकड़कर थाना पहुंचाया था। उन्होंने स्वयं थानाध्यक्ष से कहा था कि सोहैल को डांट-फटकार लगाकर सुधारने के लिए थोड़ी पिटाई कर दें। उनका दावा है कि थाना से लौटने के बाद युवक के व्यवहार में सुधार आया है।

नाना ने यह भी बताया कि सोहैल की हरकतों से परेशान होकर उसके पिता कुछ महीने पहले घर छोड़ चुके हैं, जबकि उसकी मां मानसिक रूप से अस्वस्थ है। फिलहाल वह अपने नाना के घर पर ही रहता है।

थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि युवक के खिलाफ लगातार चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। उसे पहले भी कई बार समझाया गया था, लेकिन उसके व्यवहार में बदलाव नहीं आया। वह पूर्व में भी कई बार चोरी के आरोप में पकड़ा जा चुका है।

वहीं, मामले पर एएसपी प्रवेंद्र भारती ने कहा कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित युवक को उसके अभिभावक ही थाना लेकर आए थे और पुलिस को सौंपा था। युवक पहले भी कई बार चोरी के आरोप में पकड़ा जा चुका है। एएसपी ने कहा कि पूरे मामले की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।