लखीसराय में निलंबित ड्रग इंस्पेक्टर दीपक राम गिरफ्तार, शराब के नशे में हंगामा करने का आरोप
लखीसराय। जिले में निलंबित ड्रग इंस्पेक्टर दीपक राम को सोमवार देर रात उत्पाद विभाग की टीम ने शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उनके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग ने की कार्रवाई
उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष निर्मल कुमार ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि नई बाजार स्थित गौशाला गली के एक कमरे में दीपक राम शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें हिरासत में लेकर उत्पाद थाना लाई।
मेडिकल जांच में हुई शराब पीने की पुष्टि
हिरासत में लेने के बाद दीपक राम की मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद उनके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पहले भी विवादों में रहे हैं दीपक राम
दीपक राम पहले से ही कई विवादों को लेकर चर्चा में रहे हैं। उन पर रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र में दवाओं से लदे एक वाहन की बरामदगी के बावजूद 16 दिनों तक कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगा था। साथ ही जब्त दवाओं को छोड़ने के बदले तीन लाख रुपये रिश्वत मांगने का भी आरोप लगा था।
ऑडियो वायरल होने के बाद बढ़ा था विवाद
इसी मामले में तत्कालीन घटनाक्रम के दौरान कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा स्पष्टीकरण मांगे जाने पर हुई बातचीत का कथित ऑडियो रिकॉर्ड कर वायरल करने का मामला भी सामने आया था। यह प्रकरण पूरे बिहार में चर्चा का विषय बना था।
जांच के बाद किया गया था निलंबित
ऑडियो विवाद और विभागीय जांच के बाद पहले दीपक राम का तबादला पटना किया गया था। बाद में प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया। निलंबन के बावजूद वह लखीसराय में ही रह रहे थे।
उत्पाद विभाग ने बताया कि ताजा मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। वहीं, दीपक राम पर पहले से लगे आरोपों से जुड़े मामलों की प्रक्रिया भी नियमानुसार जारी है।