Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में स्मैक तस्कर के घर बड़ा खुलासा: 2750 लीटर संदिग्ध नकली पेट्रोल और 2.06 लाख नकद बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, July 10, 2026

बिहार में स्मैक तस्कर के घर बड़ा खुलासा: 2750 लीटर संदिग्ध नकली पेट्रोल और 2.06 लाख नकद बरामद

कटिहार में स्मैक तस्कर के घर बड़ा खुलासा: 2750 लीटर संदिग्ध नकली पेट्रोल और 2.06 लाख नकद बरामद

कटिहार: जिले के अमदाबाद थाना क्षेत्र के भोलामारी गांव में पुलिस और आपूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बड़े पैमाने पर संदिग्ध ज्वलनशील तरल पदार्थ बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में इसे नकली पेट्रोल होने की आशंका जताई जा रही है। छापेमारी के दौरान 2750 लीटर संदिग्ध ज्वलनशील तरल पदार्थ, 35 लीटर डीजल और पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी से जुड़ी जांच में 2.06 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पूरे मामले की जांच जारी है।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि स्मैक तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपी मुबारक से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। अपर थानाध्यक्ष विजय कुमार राम, एसआई मसूदन कुमार और पुलिस बल के साथ मुबारक के घर छापेमारी की गई, जहां से भारी मात्रा में ज्वलनशील तरल पदार्थ और डीजल बरामद हुआ। सभी सामान जब्त कर अमदाबाद थाना लाया गया है।

इससे पहले बुधवार रात दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त प्रखंड विकास पदाधिकारी रणवीर कुमार की मौजूदगी में एसआई भोला कुमार और पुलिस टीम ने मुबारक के घर छापेमारी कर 203 ग्राम स्मैक बरामद की थी। इस मामले में मशकुरा खातून को गिरफ्तार किया गया था, जबकि मुख्य आरोपी मुबारक मौके से फरार हो गया था। दोनों के खिलाफ अमदाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

फरार मुबारक की तलाश के दौरान गुरुवार को पश्चिम बंगाल के हरिश्चंद्रपुर थाना पुलिस से सूचना मिली कि स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। पूछताछ में उसकी पहचान मुबारक के रूप में हुई। अमदाबाद पुलिस उसे ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर अपने साथ लाई। तलाशी के दौरान उसके पास से 2 लाख 6 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।

मुबारक की निशानदेही पर शुक्रवार को उसके घर दोबारा छापेमारी की गई। इस दौरान 2750 लीटर संदिग्ध ज्वलनशील तरल पदार्थ और 35 लीटर डीजल बरामद हुआ। पुलिस का मानना है कि यह अवैध ईंधन कारोबार का मामला हो सकता है, हालांकि बरामद तरल पदार्थ की वास्तविक प्रकृति और गुणवत्ता की पुष्टि फॉरेंसिक एवं संबंधित विभागों की जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की इसमें क्या भूमिका रही है।