जमुई। पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में छापेमारी कर बालू माफिया मंटू यादव को गिरफ्तार किया है। उसके घर से एक देसी राइफल, एक देसी पिस्तौल और 11 गोली बरामद हुआ है।सोमवार को उक्त जानकारी एसपी विश्वजीत दयाल ने प्रेसवार्ता कर दी। बताया कि मंटू यादव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पुलिस पर हमला और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।
एसपी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रतापपुर गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उसके घर की तलाशी में देसी राइफल, देसी पिस्तौल और 11 गोली बरामद हुआ।
बताया कि अवैध बालू कारोबार और उससे जुड़े अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पुलिस जांच कर रही है। छापेमारी अभियान में नगर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।