सहरसा पुलिस ने दो चर्चित चोरी कांडों का किया खुलासा, 30 मोबाइल समेत सोने के जेवर बरामद
सहरसा: सहरसा पुलिस ने चोरी की दो चर्चित घटनाओं का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 30 मोबाइल फोन, एक मंगलसूत्र, एक नथिया और सोने का एक सिक्का बरामद किया है। अन्य चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, सदर थाना कांड संख्या-530/26 (17 मई 2026) में नया बाजार स्थित लाल कोठी निवासी विमल किशोर झा के घर से छह मोबाइल फोन और सोने के जेवर चोरी होने का मामला दर्ज कराया गया था। वहीं सदर थाना कांड संख्या-549/26 (20 मई 2026) में न्यू कॉलोनी वार्ड संख्या-39 निवासी मुकेश कुमार सिंह के घर से सोने का झुमका, झुमका बाली सहित अन्य जेवर चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
दोनों मामलों के खुलासे और अज्ञात अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया, जिसके बाद दोनों मामलों का सफल उद्भेदन कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की कुमार (पिता–विवेक पासवान) और विक्की कुमार (पिता–इंद्रजीत पासवान) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सदर थाना क्षेत्र के सराही पासवान टोला, वार्ड संख्या-11 के निवासी हैं।
बरामद सामान में 30 मोबाइल फोन, एक मंगलसूत्र, एक नथिया और सोने का एक सिक्का शामिल है। पुलिस का कहना है कि अन्य चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों के नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए कार्रवाई जारी है।
इस अभियान में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक गुंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक जितेन्द्र कुमार तथा महिला सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।