सुपौल। सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में मद्य निषेध विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बोलेरो पिकअप वैन से 612 बोतल विदेशी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9.18 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
अशोक कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर निपनियां मोड़ स्थित टुनटुन ट्रेडिंग के पास घेराबंदी कर जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई।
शुरुआती जांच में वाहन सामान्य दिखाई दिया, लेकिन गहन तलाशी के दौरान पिकअप पर रखा जनरेटरनुमा बड़ा बॉक्स पुलिस को संदिग्ध लगा। जब अधिकारियों ने उसे खोलकर देखा तो उसके भीतर विशेष रूप से बनाया गया गुप्त तहखाना मिला, जिसमें शराब की पूरी खेप छिपाकर रखी गई थी।
तलाशी में 51 कार्टन से 750 एमएल की 612 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। इनमें Green Label, Bagpiper, White Mischief और Royal Stag ब्रांड की शराब शामिल है। जब्त शराब की कुल मात्रा 459 लीटर पाई गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नीरज कुमार (निवासी धनबाद, झारखंड) और छोटू कुमार (निवासी परसाही, मधेपुरा) को गिरफ्तार किया। दोनों से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस अभियान में अवर निरीक्षक प्रीति कुमारी, एएसआई आनंद कुमार पासवान, एएसआई अंजली कुमारी और सब-इंस्पेक्टर विष्णुदेव कुमार सहित कई पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई।
बिहार पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से शराब तस्करों के बड़े नेटवर्क को झटका लगा है। पुलिस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।