Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा विधायक आईपी गुप्ता ने CM सम्राट चौधरी को सौंपा 5 सूत्री ज्ञापन, पान जाति का दर्जा बहाल करने की मांग - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, July 6, 2026

सहरसा विधायक आईपी गुप्ता ने CM सम्राट चौधरी को सौंपा 5 सूत्री ज्ञापन, पान जाति का दर्जा बहाल करने की मांग

सहरसा विधायक आईपी गुप्ता ने CM सम्राट चौधरी को सौंपा 5 सूत्री ज्ञापन, पान जाति का दर्जा बहाल करने की मांग

सहरसा: सहरसा विधायक एवं इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता उर्फ आईपी गुप्ता ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर पांच सूत्री मांगों वाला ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तांती, तत्वा और पान समाज के अभ्यर्थियों के अधिकारों की रक्षा, पान जाति का पुराना दर्जा बहाल करने तथा विभिन्न सामाजिक और संगठनात्मक मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की गई।

विधायक आईपी गुप्ता ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के एक फैसले की कथित गलत व्याख्या के कारण प्रक्रियाधीन सरकारी भर्तियों में तांती, तत्वा और पान समुदाय के अभ्यर्थियों की श्रेणी (कैटेगरी) बदल दी गई, जिससे कई अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित हो गए। उन्होंने इस संबंध में जारी सभी अधिसूचनाओं को तत्काल रद्द कर प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।

ज्ञापन में पान जाति का पूर्व दर्जा बहाल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। साथ ही सामान्य (जनरल) और अति पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) के कट-ऑफ के बराबर अंक प्राप्त करने वाले पान समाज के अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति देने का अनुरोध किया गया।

इसके अलावा पूर्णिया मेडिकल कॉलेज से बाहर की गई पान समाज की छात्रा अनुसूरिया कुमारी का नामांकन पुनः बहाल कर उसकी पढ़ाई जारी रखने की व्यवस्था करने की भी मांग की गई।

संगठनात्मक मांगों के तहत इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) के सुचारू संचालन के लिए पटना में पार्टी कार्यालय आवंटित करने का भी अनुरोध मुख्यमंत्री से किया गया।

मुलाकात के बाद विधायक आईपी गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ज्ञापन में शामिल सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और उन पर शीघ्र उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया।