Kosi Live-कोशी लाइव बिहार बंद के दौरान सीवान में हिंसा: 3 छात्रों को गोली लगी, तेजस्वी यादव बोले- पुलिस ने एके47 चलाई - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, July 25, 2026

बिहार बंद के दौरान सीवान में हिंसा: 3 छात्रों को गोली लगी, तेजस्वी यादव बोले- पुलिस ने एके47 चलाई

बिहार बंद के दौरान शनिवार को हुए आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस और आंदोलनकारियों में झड़प हुई, जिसमें गोलियां भी चलीं। पुलिस का कहना है कि उपद्रवी तत्वों की ओर से पहले फायरिंग की गई।इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी गोलीबारी की। फायरिंग में 3 युवा आंदोलनकारी घायल हो गए। वहीं, प्रदर्शनकारियों से हुई झड़प में सीवान के एसपी पूरन कुमार झा, दो डीएसपी समेत करीब 25 पुलिसकर्मी भी घायल हए। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीवान में फायरिंग की घटना की निंदा की है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने छात्रों पर एके-47 से गोलियां चलाईं।

फायरिंग में घायल होने वालों में सीवान के शेख मोहल्ला निवासी आरिफ, दरौली थाना क्षेत्र के निवासी बुलेट कुमार गोंड और उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी आकाश कुमार शामिल हैं। उन्हें इलाज के लिए पटना रेफर कर किया गया है।

छात्रों को किसने गोली मारी?

एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि ये छात्र किसकी गोली से घायल हुए, इसका अभी पता नहीं चल सका है। इसकी जांच की जा रही है। बिहार बंद के दौरान हुए बवाल के बाद पुलिस ने 65 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है।सीवान में पथराव के बाद बिगड़ा माहौल

नीट पेपर लीक को लेकर देश भर में हुए आंदोलन के बीच शनिवार को छात्र संगठन आइसा ने बिहार बंद का आह्वान किया। बंद के दौरान सीवान में दोपहर 12 बजे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन हुआ। हालांकि, 12.30 बजे से आंदोलन उग्र हो गया। शहर के गांधी मैदान में छात्र जुटकर सभा कर रहे थे, इसी बीच कुछ उपद्रवी तत्वों ने वहां पर तैनात पुलिसकर्मियों पर ईंट-रोड़े चलाने शुरू कर दिए।

इसके बाद उनको काबू करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करने के साथ-साथ आंसू गैस के गोले भी दागे। उपद्रवियों ने जेपी चौक से लेकर बबुनिया मोड़ तक रोड़ेबाजी की। इसके बाद डीएम विवेक रंजन मैत्रेय और एसपी पूरन कुमार झा ने मोर्चा संभाल लिया। पूरे शहर में उपद्रवियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की गई।

तेजस्वी यादव बोले- एके 47 से गोलियां दागी गईंबिहार के मुख्य विपक्षी दल आरजेडी ने सीवान में पुलिसकर्मियों द्वारा प्रदर्शनकारियों पर कथित गोली चलाने की घटना की निंदा की है। आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि एके-47 से पुलिस ने आंदोलनकारियों पर गोलियां चलाईं।

वहीं, आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने शनिवार शाम को जारी बयान में कहा कि बिहार में अब सुशासन नहीं, बल्कि सत्ता का सीधा आतंकराज चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीवान में नीट पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निहत्थे छात्र-युवाओं पर पुलिस ने सीधे एके-47 और इंसास जैसी असॉल्ट राइफल से फायरिंग की। उन्होंने दावा किया कि आंसू गैस के गोले दागने के बाद छात्रों की भीड़ पर 10 राउंड से ज्यादा सीधी फायरिंग की गई है।