Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:12 करोड़ के मोबाइल चोरी कांड में अररिया पुलिस को बड़ी सफलता, 2,050 और मोबाइल बरामद; कुल 7 आरोपी गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, July 25, 2026

BIHAR:12 करोड़ के मोबाइल चोरी कांड में अररिया पुलिस को बड़ी सफलता, 2,050 और मोबाइल बरामद; कुल 7 आरोपी गिरफ्तार

12 करोड़ के मोबाइल चोरी कांड में अररिया पुलिस को बड़ी सफलता, 2,050 और मोबाइल बरामद; कुल 7 आरोपी गिरफ्तार

अररिया: जिले में करीब 12 करोड़ रुपये के मोबाइल चोरी कांड में अररिया पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 2,050 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके साथ ही अब तक इस मामले में कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और 3,487 मोबाइल फोन, 6.97 लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप तथा पांच वाहन जब्त किए जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, 9 जून 2026 को कर्नाटक नंबर KA-02AJ-1157 कंटेनर से दो नामी कंपनियों के मोबाइल फोन और एक्सेसरी चोरी कर वाहन को अररिया के जीरो माइल स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास छोड़ दिया गया था। इस मामले में अररिया थाना में कांड संख्या 314/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से अनवर उर्फ अनावरूल, दीपक गुप्ता, शाहिल, कामिल उर्फ किम्गी और नईम सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 1,437 मोबाइल फोन, 6.97 लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप और पांच वाहन बरामद किए गए थे।

इसके बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के विसम्भरा निवासी अनीश (33) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर 2,050 मोबाइल फोन बरामद किए गए। वहीं, कंटेनर के सह चालक तालीम को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई के बाद मामले में बरामद मोबाइल फोन की कुल संख्या 3,487 हो गई है। उन्होंने कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और शेष चोरी के सामान की बरामदगी के लिए पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

इस पूरे अभियान में अररिया थाना पुलिस, डीआईयू और बिहार एसटीएफ (एसओजी) की संयुक्त टीम शामिल रही। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।