Kosi Live-कोशी लाइव बिहार बंद के बाद बड़ा एक्शन: 423 छात्र हिरासत में, सिवान में 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, July 25, 2026

बिहार बंद के बाद बड़ा एक्शन: 423 छात्र हिरासत में, सिवान में 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद

पटना। नीट पेपर लीक के विरोध में शनिवार को छात्र संगठनों के बिहार बंद के दौरान राज्यभर से 423 छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रदर्शन के दौरान हुई गतिविधियों की पुलिस मुख्यालय स्तर से लगातार निगरानी की जाती रही।देर शाम तक सभी जिलों से बंद और प्रदर्शन से संबंधित रिपोर्ट भी तलब की गई।

सिवान में उपद्रव के बाद इंटरनेट पर रोक

सिवान में हुए उपद्रव के बाद गृह विभाग ने जिले में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बाधित करने का निर्णय लिया।

आपत्तिजनक पोस्ट और अफवाहों के प्रसार को रोकने के उद्देश्य से 25 जुलाई की शाम साढ़े पांच बजे से 26 जुलाई की शाम साढ़े पांच बजे तक इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर रोक लगाई गई है।फेसबुक से यूट्यूब तक सभी प्लेटफॉर्म बंद

इस अवधि में फेसबुक, वाट्सएप, एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब समेत सभी तरह के इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर रोक रहेगी।

इसके अलावा बैंकिंग, रेलवे और सरकारी इंटरनेट सेवाओं को छोड़कर सभी तरह की ब्राडबैंड कम्युनिकेशन सर्विस भी बाधित रहेगी। यह निर्णय सिवान के डीएम और एसपी की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है।मुजफ्फरपुर और औरंगाबाद में हटाई गई रोक

इसके पूर्व गृह विभाग ने मुजफ्फरपुर और औरंगाबाद के कुछ क्षेत्रों में भी इंटरनेट सेवा बाधित की थी।

हालांकि वहां स्थिति सामान्य होने के बाद शुक्रवार की देर रात इंटरनेट सेवा पर लगी रोक वापस ले ली गई।

बिहार बंद के दौरान पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जिलों की स्थिति पर नजर रखी गई और अधिकारियों से लगातार जानकारी ली जाती रही।