Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में एसडीएम से 25 लाख मांगने वाला राजन गिरफ्तार, कई बड़े अधिकारियों से कनेक्शन का पर्दाफाश - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, July 22, 2026

बिहार में एसडीएम से 25 लाख मांगने वाला राजन गिरफ्तार, कई बड़े अधिकारियों से कनेक्शन का पर्दाफाश

मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। मोतिहारी (सदर) के अनुमंडल पदाधिकारी अरूण कुमार से पोस्टिंग के नाम पर 25 लाख रुपये मांगनेवाले बदमाश सिवान जिले के नौतन थानाक्षेत्र के किलपुर तिवारी टोला खाप बाकट निवासी राजन जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद उसके कई कनेक्शन सामने आए हैं।
उसके सेलफोन से दर्जनों अधिकारियों के निजी नंबर मिले हैं। जिनकी जांच शुरू हो गई है। उसकी गिरफ्तारी मोकामा में बंदे भारत ट्रेन से सोमवार को राज्य एसटीएफ ने की।

एसटीएफ की टीम ने राजन को गिरफ्तार का मोतिहारी साइबर थाने की पुलिस को सौंपा। इसके बाद साइबर थाने की पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।

ताजा घटना को लेकर सदर एसडीए अरूण कुमार ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया है कि 12 जुलाई को उनकी पोस्टिंग मोतिहारी सदर अनुमंडल पदाधिकारी के रूप में हुई।

अधिसूचना जारी होने के कुछ दिन पहले से खुद को सिवान जिले का बताने वाला राजन व्हाट्सएप काल व मैसेज के माध्यम से बातचीत करता था। मोतिहारी में पोस्टिंग के बाद उसके द्वारा उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप काल व मैसेज के माध्यम से पदस्थापना के एवज में 25 लाख रुपयों की मांग करने लगा।

बातचीत के दौरान उसने धमकी भी दिया कि अगर पैसा नहीं मिला तो पोस्टिंग स्थगित करवा देगा। उसने उदाहरण के तौर पर पदस्थापना स्थगित किए जाने संबंधित साक्ष्य भी व्हाट्सएप पर भेजे।बता दें कि सदर एसडीओ अरूण कुमार भी सिवान जिले के दक्षिण टोला के रहने वाले हैं। राजन भी सिवान जिले का रहने वाला है, ऐसा उन्हें बताया था। गिरफ्तारी के बाद जब जांच की गई तो उसके मोबाइल में कई बड़े अधिकारियों व अन्य के मोबाइल नंबर भी मिले हैं।

पुलिस अब इस तथ्य की जांच कर रही है कि जिन अधिकारियों के नंबर उसके फोन से मिले हैं, उनसे उसका क्या कनेक्शन है। पुलिस विभाग के सूत्र नाम न छापने की शर्त पर बताते हैं कि राजन का मोतिहारी से पुराना नाता है।

वह 2022 से जिले में सक्रिय रहा। उस दौरान वह एक बड़े अधिकारी के नाम पर जिले में लोगों से अवैध वसूली करता था। उस दौर में भी वह निचले स्तर के अधिकारियों का शोषण पोस्टिंग के नाम पर करता था।

इतना ही नहीं शहर व जिले के व्यवसायियों का भी शोषण करने में लगा रहा। हालांकि कुछ महीनों बाद ही राजन ने जिला छोड़ दिया, लेकिन फोन पर लोगों के संपर्क में रहा। पुलिस अब इसकी जांच कर रही है।
हथियार के साथ फोटो खिंचाने का है शौक

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि राजन को हथियार के साथ फोटो खिंचाने का शौक है। गिरफ्तारी के बाद हथियारों के साथ उसकी कई तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही हैं। उनमें आम हथियारों की कौन कहे इंसास राइफल के साथ उसकी तस्वीर सामने आई है।

इन तस्वीरों की कोशी लाइव नहीं करता। इस बीच पुलिस इन सभी तथ्यों की जांच कर रही है। तत्काल एसडीएम से रंगदारी मांगने के मामले में कार्रवाई की गई है। एसपी ने साफ किया है कि सभी तथ्यों की जांच होगी।

गिरफ्तार राजन एक शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ लगे आरोप व पुराने रिकार्ड को खंगाला जा रहा है। आग्नेयास्त्र के साथ प्रसारित हो रही तस्वीर की भी जांच की जा रही है। एसडीएम से रंगदारी मांगने के मामले में उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। आगे की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अगली कानूनी प्रक्रिया की जाएगी।'

स्वर्ण प्रभात, पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण।