हेडलाइन:
झारखंड में पूर्व असम राइफल्स जवान की गोली मारकर हत्या, सहकर्मी निजी गार्ड गिरफ्तार
सबहेड:
बक्सर के अतुल कुमार सैनी की चतरा में हत्या, खैनी को लेकर विवाद के बाद चली गोली
बक्सर/चतरा: बिहार के बक्सर जिले के पुराना भोजपुर निवासी और पूर्व असम राइफल्स जवान अतुल कुमार सैनी की झारखंड के चतरा में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उनके ही सहकर्मी और निजी सुरक्षा गार्ड बलविंदर सिंह पर है, जिसे पुलिस ने मौके से हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, असम राइफल्स की नौकरी छोड़ने के बाद अतुल कुमार सैनी गया जिले के बेलागंज विधानसभा क्षेत्र की विधायिका मनोरमा देवी के बेटे रॉकी यादव उर्फ विनीत यादव के निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे।
मंगलवार दोपहर रॉकी यादव किसी कार्य से चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नाथवानी के सरकारी आवास पहुंचे थे। इस दौरान बाहर वाहन के पास मौजूद अतुल कुमार सैनी और बलविंदर सिंह के बीच कथित तौर पर खैनी को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और बलविंदर सिंह ने अपनी सर्विस हथियार से अतुल पर गोली चला दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर एसपी आवास पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में खैनी को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
अतुल कुमार सैनी की मौत की खबर उनके पैतृक गांव पुराना भोजपुर पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। उनके पिता लक्ष्मण प्रसाद सैनी एलआईसी में कार्यरत हैं, जबकि उनकी दिवंगत मां उषा देवी वर्ष 2006 से 2011 तक पुराना भोजपुर पंचायत की सरपंच रह चुकी थीं।
करीब तीन वर्ष पहले अतुल की शादी उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की निक्की कुमारी से हुई थी। उनके परिवार में पत्नी और डेढ़ वर्ष की बेटी माही हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।