पिपरा थाना को मिला नया थानाध्यक्ष, अपराध और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकल्प
कटैया-निर्मली। पिपरा थाना को मंगलवार को नया थानाध्यक्ष मिल गया। नवपदस्थापित थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का संकल्प व्यक्त किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए किशोर कुमार ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम रखना होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
नए थानाध्यक्ष ने पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि थाना में आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा तथा उनके मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पुलिस अकेले अपराध पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं कर सकती, इसके लिए आम लोगों का सहयोग आवश्यक है। जनता के सहयोग से ही अपराधियों पर प्रभावी लगाम लगाई जा सकती है।
नशे के कारोबार पर चलेगा विशेष अभियान
किशोर कुमार ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शराब, मादक पदार्थों और अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पुलिस-पब्लिक संबंधों को मजबूत बनाने के लिए नियमित जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उनका लक्ष्य थाना क्षेत्र को भयमुक्त, सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाना है।
कई थानों के थानाध्यक्षों का हुआ तबादला
पुलिस विभाग द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत अनुसूचित जनजाति थाना के थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी को भपटियाही थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पुलिस कार्यालय में पदस्थापित संजय दास को वीरपुर थाना की कमान सौंपी गई है।
इसके अलावा पुलिस केंद्र, सुपौल में पदस्थापित अनिरुद्ध कुमार को भीमपुर थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दूसरी ओर भपटियाही थाना के थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे, पिपरा थाना के थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा, वीरपुर थाना के थानाध्यक्ष राज किशोर मंडल तथा भीमपुर थाना के थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पांडेय को स्थानांतरित कर पुलिस केंद्र, सुपौल में पदस्थापित किया गया है।
पुलिस विभाग के इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराध नियंत्रण को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।