Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:सात फेरे, सिंदूर और फिर फरार दुल्हन! शादी के कुछ घंटों बाद परिवार समेत गायब, दूल्हे से लाखों की ठगी का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, June 9, 2026

BIHAR:सात फेरे, सिंदूर और फिर फरार दुल्हन! शादी के कुछ घंटों बाद परिवार समेत गायब, दूल्हे से लाखों की ठगी का आरोप

सात फेरे, सिंदूर और फिर फरार दुल्हन! शादी के कुछ घंटों बाद परिवार समेत गायब, दूल्हे से लाखों की ठगी का आरोप

गया जी। बिहार के गया जी जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र से शादी के नाम पर कथित ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां राजस्थान से बारात लेकर पहुंचे दूल्हे के साथ ऐसा धोखा हुआ कि शादी की खुशियां कुछ ही घंटों में मायूसी में बदल गईं। आरोप है कि शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन अपने परिवार के साथ नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गई।

जानकारी के अनुसार राजस्थान के टोंक जिले निवासी संजय पटवा सोमवार की रात बारात लेकर बेलागंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव पहुंचे थे। बारात का स्वागत हुआ और हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह की सभी रस्में धूमधाम से संपन्न कराई गईं। दूल्हे ने दुल्हन की मांग में सिंदूर भरा और दोनों ने सात फेरे भी लिए।

पीड़ित दूल्हे का आरोप है कि विवाह से पहले दोनों पक्षों के बीच तय राशि का लेन-देन हुआ था। दूल्हा पक्ष की ओर से दुल्हन को सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की पायल, अन्य आभूषण तथा शादी के कीमती कपड़े दिए गए थे। इसके अलावा दुल्हन पक्ष द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर 1 लाख 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी किए गए थे।

शादी की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा और बाराती रात में आराम करने चले गए। मंगलवार की सुबह दुल्हन की विदाई होनी थी, लेकिन जब दूल्हा पक्ष के लोग दुल्हन के घर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

ग्रामीणों ने बताया कि सुबह से ही घर में ताला लगा हुआ है। जब दूल्हा और उसके परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर के सभी सदस्य, रिश्तेदार और नई नवेली दुल्हन गायब हैं। आरोप है कि दुल्हन पक्ष नकदी, गहने और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद दूल्हे और उसके परिजनों ने खुद को ठगा हुआ महसूस किया। पीड़ित ने तत्काल डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी और बाद में बेलागंज थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले को लेकर बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि दूल्हे की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल यह अनोखा मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। शादी की खुशियों के बीच हुई कथित ठगी की इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया है।