मधेपुरा में 24.1 लीटर कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद, दो तस्कर फरार
मधेपुरा। जिले के भर्राही थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24.1 लीटर कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। हालांकि छापेमारी के दौरान दो आरोपित मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 8 जून 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर भर्राही थाना पुलिस ने भदौल बसबिट्टी गांव में छापेमारी की। इस दौरान हरे और पीले रंग के दो बोरों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि हरे रंग के बोरे से 100 एमएल की 60 बोतलें बरामद हुईं, जिन पर "RBRAX" अंकित था। इसकी कुल मात्रा 6 लीटर पाई गई। वहीं पीले रंग के बोरे से 100 एमएल की 181 बोतलें बरामद हुईं, जिन पर "CHEFAX-TC" अंकित था। इसकी कुल मात्रा 18.1 लीटर थी।
दोनों बोरों से कुल 241 बोतल कफ सिरप बरामद किया गया, जिसकी कुल मात्रा 24.1 लीटर आंकी गई है। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपित बिट्टू कुमार एवं सुरेश कुमार, दोनों निवासी भदौल वार्ड संख्या-06, थाना भर्राही, जिला मधेपुरा, मौके से फरार हो गए।
इस मामले में भर्राही थाना कांड संख्या 197/26 दिनांक 08 जून 2026 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2018 की धारा 30(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थानाध्यक्ष प्रशांत ने बताया कि बरामद कफ सिरप को जब्त कर लिया गया है तथा फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी टीम में भर्राही थाना के थानाध्यक्ष प्रशांत, पुलिस अवर निरीक्षक अशोक कुमार राय सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।