Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:सुपौल में तेज रफ्तार वाहन ने ली शिक्षक की जान: पैदल घर लौट रहे थे राजेश पाठक - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, June 23, 2026

SUPAUL:सुपौल में तेज रफ्तार वाहन ने ली शिक्षक की जान: पैदल घर लौट रहे थे राजेश पाठक

हेडलाइन:

सुपौल में तेज रफ्तार वाहन ने ली शिक्षक की जान: पैदल घर लौट रहे थे राजेश पाठक, टक्कर मार चालक फरार

सुपौल: सुपौल सदर थाना क्षेत्र के कर्णपुर के पास सुपौल-सहरसा मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिक्षक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से शिक्षक प्रांशु शेखर पाठक उर्फ राजेश पाठक (करीब 50 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान वार्ड संख्या-4, पाठक टोला निवासी राजेश पाठक के रूप में हुई है। वे स्वर्गीय गणपति पाठक के पुत्र थे और मध्य विद्यालय सितुहर में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और शिक्षा जगत में मातम पसर गया।

बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात राजेश पाठक किसी काम से लौटने के बाद पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान कर्णपुर के पास सुपौल-सहरसा मुख्य मार्ग पर किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों और परिचितों ने घटना पर गहरा दुख जताया है।

घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति भी बन गई। लोगों ने प्रशासन से फरार वाहन और चालक की जल्द पहचान कर कार्रवाई की मांग की।

सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे हादसे की सूचना मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा फरार वाहन की पहचान के लिए प्रयास जारी है। आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।