मधेपुरा वृद्ध हत्याकांड का खुलासा, प्रेम प्रसंग में बेटी के प्रेमी ने रची थी हत्या की साजिश
मधेपुरा के उदाकिशुनगंज अनुमंडल अंतर्गत चौसा थाना क्षेत्र के लौआलगान पूर्वी वार्ड संख्या-1 में चार दिन पहले हुई वृद्ध हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पुत्री के प्रेमी ने ही पूरी हत्या की साजिश रची थी। इसी साजिश के तहत 70 वर्षीय कैलाश राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार को एसडीपीओ अविनाश Kumar ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि 20 जून को गौशाला रोड पर सो रहे कैलाश राय की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी भदरी देवी उर्फ प्रमिला देवी के बयान पर चौसा थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
विशेष टीम गठित कर शुरू हुई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी संदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम में चौसा थानाध्यक्ष, डीआईयू और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे।
मुख्य आरोपी रकवा ने कबूला जुर्म
तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के दौरान चौसा थाना क्षेत्र के गौशाला निवासी योगेंद्र शर्मा के पुत्र राकेश कुमार उर्फ रकवा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में रकवा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक रकवा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ भागलपुर और चौसा थाना में पहले से तीन संगीन मामले दर्ज हैं।
निशानदेही पर दो और गिरफ्तार
रकवा की निशानदेही पर उसी गांव के इंदल मंडल और संजीव कुमार उर्फ राजीव कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।