हेडलाइन:
बेगूसराय में ड्यूटी के दौरान ASI की मौत: सुबह तबीयत बिगड़ी, कुछ ही घंटों बाद थाने में तोड़ा दम
बेगूसराय: बेगूसराय जिले के शाम्हो थाना में तैनात एएसआई अवधेश Kumar चौबे का मंगलवार सुबह अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। इस अप्रत्याशित घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। साथी पुलिसकर्मी और अधिकारी स्तब्ध हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब चार बजे एएसआई चौबे को पेट में गैस बनने और बेचैनी की शिकायत हुई। उन्होंने तुरंत शाम्हो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के चिकित्सक से संपर्क किया। डॉक्टर की सलाह पर उन्हें पीएचसी में भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया।
उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य लगने लगी, जिसके बाद वे वापस थाना परिसर लौट आए। सुबह करीब छह बजे उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों से सामान्य बातचीत भी की। इसके बाद वे आराम करने के लिए अपने कमरे में चले गए।
करीब पौने सात बजे एक पुलिसकर्मी उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने पहुंचा और उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। स्थिति गंभीर समझते हुए तत्काल पीएचसी के स्वास्थ्यकर्मियों को बुलाया गया।
स्वास्थ्यकर्मी थाना पहुंचे और जांच के दौरान पाया कि उनकी नाड़ी नहीं चल रही थी। बाद में पहुंचे चिकित्सक ने भी परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर हृदय गति रुकना मौत का कारण माना जा रहा है।
घटना की सूचना तुरंत वरीय पुलिस अधिकारियों और परिजनों को दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां स्वजनों की मौजूदगी में प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद पार्थिव शरीर को बेगूसराय जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एएसआई चौबे के पार्थिव शरीर को विभागीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव पहुंचाया जाएगा।
अवधेश कुमार चौबे मूल रूप से वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के मानिकपुर पकड़ी गांव के निवासी थे। वे स्वर्गीय श्रीकांत चौबे के पुत्र थे और उनकी उम्र लगभग 46 वर्ष थी।
परिजनों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले उनके भाई का निधन भी इसी तरह अचानक हुआ था। इस दुखद घटना से परिवार पर गहरा आघात पहुंचा है।