वीरपुर में 50 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 2 गिरफ्तार, पुलिस ने नकदी और वेट मशीन भी की जब्त
झोपड़ीनुमा घर में चल रहा था नशे का कारोबार, छापेमारी में हेरोइन, बाइक और मोबाइल बरामद
वीरपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बलभद्रपुर पंचायत के भगवानपुर वार्ड संख्या-04 में छापेमारी कर 50 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
सुरेंद्र कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि भगवानपुर स्थित एक घर में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर जैनेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई।
तलाशी के दौरान भगवानपुर निवासी राम कुमार के घर के पीछे बने झोपड़ीनुमा कमरे से 34 ग्राम ब्राउन शुगर पॉलीथीन में और 16 ग्राम ब्राउन शुगर पीतल के बर्तन से बरामद हुई। इस तरह कुल 50 ग्राम हेरोइन जब्त की गई।
छापेमारी में 1,920 रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, सिल्वर पेपर रोल, Vivo मोबाइल फोन तथा TVS Apache बाइक (BR 38 Z/0926) भी बरामद की गई। पुलिस का मानना है कि इन सामानों का उपयोग नशे की तस्करी और बिक्री में किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. आजाद (22) और राम कुमार (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि जिले में नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।