पूर्णिया में दिनदहाड़े युवक की पिटाई कर बाइक लूटी, फाइनेंस किश्त बकाया पर दबंगों का हमला
10-12 लोगों ने बीच सड़क पर घेरकर बरसाए लात-घूंसे, गंभीर हालत में जीएमसीएच में भर्ती
न्यूज कॉपी:
पूर्णिया शहर के हॉप हॉस्पिटल रामबाग मोड़ के समीप रविवार दोपहर बाइक सवार एक युवक को घेरकर दबंगों ने बेरहमी से पीटा और उसकी बाइक छीनकर फरार हो गए। घायल युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (GMCH) पूर्णिया में भर्ती कराया गया है।
घायल युवक की पहचान केनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा निवासी रागीव अनवर के रूप में हुई है। पीड़ित के अनुसार, घटना की वजह बाइक फाइनेंस की दो महीनों की बकाया किश्त थी, जिसे वह किसी कारणवश जमा नहीं कर पाए थे।
युवक ने बताया कि 10 से 12 दबंगों ने बीच सड़क पर उसे रोक लिया और संभलने का मौका दिए बिना गाड़ी से उतारकर लात-घूंसों से हमला कर दिया। वह रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपियों ने जमीन पर पटककर उसकी पिटाई जारी रखी और बाद में बाइक लेकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित का कहना है कि यदि किश्त बकाया थी तो कानूनी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी, न कि सरेआम गुंडागर्दी। युवक के अनुसार, सभी आरोपी जलालगढ़ क्षेत्र के रहने वाले थे।