Sarvesh Chaudhry Viral Video: पुलिस को दी ‘विकास दुबे जैसा कांड’ की धमकी, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
हाजीपुर/वैशाली। वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। वीडियो में एक आरोपी पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए ‘विकास दुबे जैसा कांड’ करने की धमकी देता नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी और पुलिस को खुली चुनौती देने वाला यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
फेसबुक वीडियो से मचा हड़कंप
मामला बेलसर थाना क्षेत्र के माधोपुर राम गांव का है। यहां के निवासी सर्वेश चौधरी ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने पुलिस प्रशासन के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहीं और कार्रवाई होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
‘विकास दुबे जैसा कांड’ करने की दी धमकी
वायरल वीडियो में आरोपी कहता दिखाई दे रहा है कि यदि पुलिस बिना सूचना उसके घर पहुंचती है तो वह ‘विकास दुबे जैसा कांड’ करेगा। उसने खुद को ‘शेर’ बताते हुए पुलिस को काउंटर करने की भी धमकी दी। वीडियो में उसने शराबबंदी कानून को लेकर भी विवादित टिप्पणी की है।
एसपी के निर्देश पर शुरू हुई छापेमारी
वैशाली एसपी विक्रम सिहाग के निर्देश पर बेलसर थाना पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया।
पुराना है आपराधिक इतिहास
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सर्वेश चौधरी का आपराधिक इतिहास पुराना रहा है। उसके खिलाफ बेलसर थाना में पहले से कई मामले दर्ज हैं। बताया जाता है कि वर्ष 2005 में भी पुलिस छापेमारी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके बाद उसे हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
छापेमारी के बाद अपलोड किया वीडियो
जानकारी के अनुसार, पुलिस शुक्रवार रात न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी। गिरफ्तारी नहीं होने के बाद अगले दिन आरोपी ने फेसबुक पर वीडियो अपलोड कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन के खिलाफ कथित अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने तथा खुलेआम धमकी देने के मामले में बेलसर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
क्या बोले प्रभारी थानाध्यक्ष
प्रभारी थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।