Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:PM किसान की 23वीं किस्त को लेकर घेलाढ में विशेष शिविर आयोजित, किसान चौपाल में योजनाओं की दी गई जानकारी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, June 20, 2026

MADHEPURA:PM किसान की 23वीं किस्त को लेकर घेलाढ में विशेष शिविर आयोजित, किसान चौपाल में योजनाओं की दी गई जानकारी

PM किसान की 23वीं किस्त को लेकर घेलाढ में विशेष शिविर आयोजित, किसान चौपाल में योजनाओं की दी गई जानकारी

घेलाढ (मधेपुरा)। प्रखंड के श्रीनगर पंचायत सरकार भवन में शनिवार को किसान चौपाल कार्यक्रम के साथ-साथ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) की 23वीं किस्त हस्तांतरण को लेकर जारी लाइव प्रसारण के अवसर पर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुखिया गोरी देवी, सरपंच शोभा देवी, उप प्रमुख मंजू देवी, कृषि समन्वयक चंद्रशेखर सिंह तथा किसान सलाहकार राजेश कुमार पप्पू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद उपस्थित किसानों को कृषि क्षेत्र में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन किसान सलाहकार सह जिला प्रवक्ता राजेश कुमार पप्पू ने किया। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम किसान योजना छोटे और सीमांत किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे खेती-किसानी के कार्यों में काफी मदद मिलती है।

किसान चौपाल के दौरान कृषि विशेषज्ञों और अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज, जैविक खाद, सिंचाई प्रबंधन और फसल सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। किसानों को यह भी बताया गया कि नई तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाया जा सकता है और खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।

लाइव प्रसारण के माध्यम से किसानों ने प्रधानमंत्री द्वारा 23वीं किस्त जारी किए जाने का कार्यक्रम भी देखा। इस दौरान किसानों में उत्साह का माहौल देखा गया। कई किसानों ने कहा कि इस आर्थिक सहायता से उन्हें खेती के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने में सुविधा मिलती है।

कार्यक्रम के अंत में किसानों की समस्याएं भी सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों ने उनके समाधान का भरोसा दिलाया। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, कृषि विभाग के कर्मियों और बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही।