सहरसा में ‘नशा मुक्ति कोसी अभियान’ शुरू, सीमावर्ती इलाकों में सघन जांच तेज
सहरसा। पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने जिले को नशामुक्त बनाने के लिए आम जनता से सक्रिय सहयोग की अपील की है। सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों की गोपनीय सूचना मिलने पर पुलिस प्रभावी कार्रवाई करेगी, जिससे अपराध पर भी अंकुश लगेगा।
एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि कोसी प्रमंडल के डीआईजी के निर्देश पर ‘नशा मुक्ति कोसी अभियान’ शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में नशे के अवैध कारोबार पर व्यापक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन वाहन जांच, रोको-टोको अभियान और सर्च ऑपरेशन चलाए जाएंगे। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखेगी और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
एसपी ने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें नशे के कारोबार, संदिग्ध गतिविधियों या असामाजिक तत्वों के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो वे सीधे पुलिस को गोपनीय सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक असामाजिक तत्वों के ठिकानों पर विशेष नजर रखी जा रही है और लगातार छापेमारी जारी रहेगी। साथ ही चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाकर बाहर से आने वाले नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने की रणनीति बनाई गई है।
एसपी विक्रम सिहाग ने जोर देकर कहा कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही जिले को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से बिना भय के सूचना साझा कर इस अभियान में भागीदारी निभाने की अपील की।