Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:सहरसा के केंद्रीय विद्यालय में छात्रा से मारपीट, पिता ने प्रिंसिपल पर लगाया लापरवाही का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 29, 2026

SAHARSA:सहरसा के केंद्रीय विद्यालय में छात्रा से मारपीट, पिता ने प्रिंसिपल पर लगाया लापरवाही का आरोप

सहरसा के केंद्रीय विद्यालय में छात्रा से मारपीट, पिता ने प्रिंसिपल पर लगाया लापरवाही का आरोप

सहरसा। सहरसा स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 10 की एक छात्रा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता राजीव कुमार झा ने इस घटना को लेकर सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित छात्रा शाक्षी के पिता का आरोप है कि विद्यालय परिसर में पांच से छह छात्राओं ने उनकी बेटी के साथ मारपीट की, जिससे उसके हाथ, पीठ और पैर में चोटें आईं। उन्होंने बताया कि घटना के बाद उनकी पुत्री मानसिक रूप से भी काफी परेशान है, जिसका असर उसकी पढ़ाई और परीक्षा पर पड़ा है।

परिजनों के अनुसार, परीक्षा के दौरान उत्तर लिखने को लेकर कुछ छात्राओं के बीच विवाद शुरू हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद विद्यालय परिसर में शाक्षी के साथ मारपीट की गई।

राजीव कुमार झा ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने घटना की शिकायत विद्यालय की प्राचार्या मोनिका पांडे से की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पिता का कहना है कि प्राचार्या ने कथित तौर पर उन्हें टीसी लेकर स्कूल छोड़ने तक की सलाह दे दी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि उनकी बेटी को पहले से भी लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

इस मामले में फिलहाल विद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, सहरसा सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।