सहरसा/कटिहार। Bihar STF और कटिहार जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त के घर से छिनतई की पूरी 5 लाख रुपये की राशि बरामद कर ली है। हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 28 जून 2026 को पतरघट थाना कांड संख्या 123/26 के सिलसिले में की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र स्थित जुराबगंज निवासी आरोपी राम कुमार यादव के घर पर छापेमारी की। इस दौरान छिनतई की पूरी नकद राशि बरामद कर ली गई।
हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
बैंक से रुपये निकालने के बाद हुई थी वारदात
पुलिस के मुताबिक, 25 जून 2026 को सहरसा जिले के पस्तपार थाना क्षेत्र निवासी हरेन्द्र यादव ने Axis Bank से 5 लाख रुपये नकद निकाले थे। बैंक से घर लौटने के दौरान पतरघट थाना क्षेत्र के कपसिया गांव के समीप ग्लैमर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उनका रुपये से भरा बैग और जरूरी कागजात छीन लिया था।
घटना के बाद पीड़ित द्वारा पतरघट थाना में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर कांड संख्या 123/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस छापेमारी अभियान में कोढ़ा थाना अध्यक्ष पंकज आनंद, अपर थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार, एसआई विवेक विक्रम समेत Katihar Police और बिहार एसटीएफ के कई अधिकारी व जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में अन्य संलिप्त अपराधियों की भूमिका भी सामने आ सकती है।