Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:ट्रेन में सीट विवाद के बाद ऑटो चालक ब्रेन डेड, दो गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 8, 2026

SAHARSA:ट्रेन में सीट विवाद के बाद ऑटो चालक ब्रेन डेड, दो गिरफ्तार

ट्रेन में सीट विवाद के बाद ऑटो चालक ब्रेन डेड, दो गिरफ्तार

सहरसा। सहरसा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें बीच-बचाव करने पहुंचे एक ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सकों के अनुसार युवक ब्रेन डेड हो चुका है, हालांकि अंतिम चिकित्सकीय पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। मामले में जीआरपी ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।

घटना रविवार शाम करीब चार बजे प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस (14617) में हुई। भेड़धरी वार्ड संख्या-24 निवासी मो. निजाम अपनी सास मोमिना बीबी को ट्रेन में बैठाने पहुंचे थे। इसी दौरान सीट को लेकर महिषी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-13 निवासी मुसद सादा और उनके पुत्र रमेश सादा से विवाद हो गया।

मो. निजाम का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के 8-9 लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उनके साथ आए 38 वर्षीय मो. अनीस ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और ट्रेन की बोगी में उनका सिर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। घायल अनीस को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। बाद में उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डॉक्टर रंजेश कुमार ने बताया कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण सोमवार सुबह करीब चार बजे अनीस का ब्रेन डेथ हो गया। हालांकि उनका हृदय अभी काम कर रहा है। चिकित्सकों के अनुसार ऐसे मामलों में बचने की संभावना बेहद कम होती है।

मृतक अनीस पेशे से ऑटो चालक थे और सहरसा से मधेपुरा रूट पर वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं।

जीआरपी थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय रूप से मृत्यु की पूर्ण पुष्टि होने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।