Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:बकरी चोरी कर भाग रहे चोर की कार पलटी, पांचों बकरियां बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 8, 2026

MADHEPURA:बकरी चोरी कर भाग रहे चोर की कार पलटी, पांचों बकरियां बरामद

बकरी चोरी कर भाग रहे चोर की कार पलटी, पांचों बकरियां बरामद

मुरलीगंज (मधेपुरा)। प्रखंड क्षेत्र के भेलाही गांव में शनिवार देर रात बकरी चोरी की एक घटना उस समय नाटकीय मोड़ ले ली, जब चोरी कर भाग रहे चोरों की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद चोर मौके से फरार हो गया, जबकि ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त वाहन से सभी पांच बकरियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके मालिकों को सौंप दिया।

भेलाही पंचायत के मुखिया अमित कुमार ने बताया कि शनिवार रात कार से पहुंचे चोरों ने वार्ड संख्या पांच निवासी धीरेंद्र यादव की दो, प्रभाकर यादव की एक तथा अनिल यादव की दो बकरियां चोरी कर ली थीं। बकरियों को वाहन में लादकर भागने के दौरान एक गृहस्वामी की नींद खुल गई। उसने शोर मचाया तो ग्रामीण सक्रिय हो गए और वाहन का पीछा शुरू कर दिया।

ग्रामीणों से बचकर भागने के प्रयास में बैंगा नदी पर निर्माणाधीन पुल के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना के बाद चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने वाहन से सभी पांच बकरियों को सुरक्षित निकालकर उनके असली मालिकों को सौंप दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई महीनों से क्षेत्र में बकरी चोरी की छिटपुट घटनाएं हो रही थीं, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इस घटना के बाद लोगों को उम्मीद जगी है कि पुलिस जांच के जरिए चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि रविवार शाम तक दुर्घटनाग्रस्त कार घटनास्थल पर ही पड़ी रही। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस द्वारा वाहन को समय पर नहीं हटाए जाने का फायदा उठाकर कुछ नशेड़ियों ने कार के कई पार्ट-पुर्जे खोल लिए, जिससे वाहन और अधिक क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर चोरों की पहचान करने तथा उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।