Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:छात्र नेता पुनपुन यादव पर एक और FIR, महिला पार्षद ने लगाए अभद्रता और जातिसूचक टिप्पणी के आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 8, 2026

SAHARSA:छात्र नेता पुनपुन यादव पर एक और FIR, महिला पार्षद ने लगाए अभद्रता और जातिसूचक टिप्पणी के आरोप

छात्र नेता पुनपुन यादव पर एक और FIR, महिला पार्षद ने लगाए अभद्रता और जातिसूचक टिप्पणी के आरोप

सहरसा। सिमरी बख्तियारपुर के चर्चित छात्र नेता पुनपुन यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। उनके खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस बार वार्ड संख्या 23 की पार्षद सुधा देवी ने अभद्र व्यवहार, धक्का-मुक्की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। मामले में अनुसूचित जाति एवं जनजाति (एससी-एसटी) थाना में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता पार्षद सुधा देवी द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि चार जून की सुबह करीब सात बजे पुनपुन यादव उनके घर के सामने पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपी कथित रूप से और उग्र हो गया तथा अभद्र व्यवहार करने लगा।

आवेदन के अनुसार आरोपी ने सार्वजनिक रूप से जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और धक्का-मुक्की भी की। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। पार्षद ने कहा है कि इस घटना से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और वे मानसिक रूप से आहत हुई हैं।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में पुनपुन यादव के खिलाफ दर्ज यह दूसरा मामला है। इससे पहले छह जून को नगर परिषद कार्यालय में प्रदर्शन और हंगामा करने के आरोप में बख्तियारपुर थाना में भी उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। लगातार दो मामलों में नाम सामने आने से उनकी कानूनी परेशानियां बढ़ गई हैं।

पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार के निर्देश पर सब-इंस्पेक्टर चंद्रकांत पासवान को मामले की जांच सौंपी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।