Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:पुलिस ने 209 लीटर शराब की खेप की बरामद, तस्कर फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 8, 2026

BIHAR NEWS:पुलिस ने 209 लीटर शराब की खेप की बरामद, तस्कर फरार

बैरगाछी पुलिस ने 209 लीटर शराब की खेप की बरामद, तस्कर फरार

ताराबाड़ी (अररिया)। बैरगाछी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 209 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के बावजूद शराब तस्कर वाहन छोड़कर फरार होने में सफल रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार कारोबारी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

थानाध्यक्ष नवदीप गुप्ता ने बताया कि रविवार देर शाम सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से शराब की एक बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने अररिया-सिलीगुड़ी मुख्य मार्ग पर बैरगाछी ओवरब्रिज के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।

वाहन जांच के दौरान बंगाल की ओर से आ रही उजले रंग की एक कार (बीआर 11 वाई 1682) को रोकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर तेजी से भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें विभिन्न ब्रांड की कुल 209 लीटर शराब बरामद हुई। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और वाहन को भी कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। वाहन के स्वामित्व और तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। फरार कारोबारी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।