6 घंटे में छिनतई कांड का खुलासा, सोने की बाली, आईफोन व बाइक के साथ दो गिरफ्तार
जलालगढ़। जलालगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज छह घंटे के भीतर महिला से सोने की बाली छीनने की घटना का खुलासा कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई सोने की बाली, एक आईफोन तथा घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपितों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में पूर्णिया भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि सात जून की शाम करीब 7:30 बजे अररिया जिले के महलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बागनगर निवासी अस्मत परवीन अपने पति मो. आरिफ के साथ ऑटो से पूर्णिया जा रही थीं। इसी दौरान जलालगढ़ फ्लाईओवर के समीप हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने झपट्टा मारकर उनके कान से करीब आठ आना वजन की सोने की बाली छीन ली और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जलालगढ़ पुलिस सक्रिय हो गई और मामले के उद्भेदन में जुट गई। तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने घटना के करीब छह घंटे बाद रात लगभग 12 बजे दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जलालगढ़ वार्ड संख्या 13 स्थित गंगासागर निवासी बिकास कुमार तथा वार्ड संख्या 14 निवासी निकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई सोने की बाली, एक आईफोन और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक (बीआर 11 बीके 3786) बरामद की है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर जलालगढ़ थाना कांड संख्या 122/26 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपितों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में पूर्णिया भेज दिया गया।