खजुरी की जूली कुमारी बनीं DSP, 70वीं BPSC में हासिल की 94वीं रैंक
सहरसा:प्रखंड के बलवाहाट स्थित खजुरी गांव की जूली कुमारी ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जूली ने राज्य स्तर पर 94वीं रैंक प्राप्त करते हुए पुलिस उपाधीक्षक (DSP) का प्रतिष्ठित पद हासिल किया है।
जूली कुमारी की सफलता की खबर मिलते ही खजुरी गांव समेत पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। उनकी इस उपलब्धि को कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम माना जा रहा है।
जूली इससे पहले कोर्ट में पेशकार के पद पर कार्यरत थीं। सरकारी सेवा की जिम्मेदारियों के बीच भी उन्होंने अपने लक्ष्य पर पूरा फोकस बनाए रखा और निरंतर तैयारी करती रहीं। इसी मेहनत ने उन्हें डीएसपी जैसे प्रतिष्ठित पद तक पहुंचाया।
जूली एक अनुशासित और शिक्षित परिवार से आती हैं। उनके पिता शंभू मिश्रा और माता मीना देवी अपनी बेटी की इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं। परिवार के अनुसार जूली बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी और गंभीर स्वभाव की रही हैं।
जूली के भाई मिथुन कुमार (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) में कार्यरत हैं और देश सेवा में योगदान दे रहे हैं।
जूली की इस शानदार उपलब्धि पर क्षेत्र के समाजसेवी राजू मिश्र ने उनसे मुलाकात कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि जूली की सफलता केवल उनके परिवार की उपलब्धि नहीं, बल्कि खजुरी गांव, सहरसा और पूरे बिहार के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि जूली भविष्य में जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में भी सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम और ऊंचा करेंगी। स्थानीय ग्रामीणों ने भी जूली कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।