हेडलाइन:
सहरसा: सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह मोबाइल चोरी के आरोप को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक को इलाज के लिए लॉर्ड बुद्धा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल की पहचान पतरघट थाना क्षेत्र के गोलमा पूर्वी पंचायत अंतर्गत घोघनपट्टी वार्ड नंबर 3 निवासी परमानंद यादव के 25 वर्षीय पुत्र मंजेश कुमार यादव के रूप में हुई है। मंजेश अपनी ससुराल, बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर वार्ड नंबर 05, एक दिन पहले शुक्रवार शाम करीब 6 बजे पहुंचे थे और वहीं रुके हुए थे।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 बजे मंजेश के ससुराल के पड़ोस में रहने वाले सन्नी नामक युवक का मोबाइल फोन गायब हो गया। मोबाइल चोरी को लेकर ससुराल पक्ष और पड़ोसियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान मंजेश पर भी मोबाइल चोरी का आरोप लगाया गया।
मंजेश ने बताया कि जब वह विवाद की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे, तभी कुछ लोगों ने उन पर चोरी का आरोप लगाते हुए बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और गोली चला दी गई।
गोली मंजेश की दाहिनी जांघ में लगी और आर-पार निकल गई। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सहरसा के लॉर्ड बुद्धा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि युवक फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है।
सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने दोपहर में घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। गोली चलाने वाला आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।