सहरसा। सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 6.61 ग्राम स्मैक बरामद किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि यह कार्रवाई पटुआहा वार्ड संख्या-24 स्थित एक घर में छापेमारी के दौरान की गई। गिरफ्तार महिला की पहचान विमला देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सदर थाना पुलिस की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस पदाधिकारी प्रीति कुमारी को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि पटुआहा वार्ड संख्या-24 के एक घर में स्मैक छिपाकर रखी गई है और उसकी बिक्री की तैयारी चल रही है।
गुप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से 6.61 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ही नशीले पदार्थ को जब्त कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही नशीले पदार्थों के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
सदर थाना पुलिस ने कहा कि जिले में नशा कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।