भाई की तेरहवीं पर भावुक हुए रौशन आनंद, 500 महिलाओं में बांटी साड़ियां; धमसेना में बनेगा भव्य महावीर मंदिर
सहरसा के पैतृक गांव धमसेना में ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के डायरेक्टर ने अपने छोटे भाई की तेरहवीं पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। इस अवसर पर उन्होंने 500 से अधिक वृद्ध और जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ियों का वितरण कर भाई को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा में , समेत पटना और दिल्ली से पहुंचे कई शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने प्रिंस यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सभा को संबोधित करते हुए रौशन आनंद भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि अब उनके जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य अपने छोटे भाई प्रिंस यादव के अधूरे सपनों को पूरा करना होगा। उन्होंने बताया कि प्रिंस प्रत्येक मंगलवार को व्रत रखते थे, इसलिए अब वह स्वयं भी आजीवन मंगलवार का व्रत रखेंगे।
धमसेना में बनेगा भव्य महावीर मंदिर
रौशन आनंद ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रिंस यादव की स्मृति में उनके पैतृक गांव धमसेना में एक भव्य महावीर मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मंदिर सभी धर्मों और जातियों के लोगों के लिए खुला रहेगा और सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रिंस समाज सेवा, रक्तदान और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा समर्पित रहते थे। इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए रक्तदान शिविर और सामाजिक सहायता से जुड़े कार्यक्रम लगातार चलाए जाएंगे।
भाई को न्याय दिलाने की उठाई मांग
अपने भाई की मौत का जिक्र करते हुए रौशन आनंद ने न्याय की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि प्रिंस यादव की आत्मा को सच्ची शांति तभी मिलेगी जब उन्हें न्याय मिलेगा। उन्होंने बिहार सरकार और न्यायपालिका से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
रौशन आनंद ने कहा, “हम सिस्टम से भले हारते हुए दिखाई दें, लेकिन हम फिर से मजबूती के साथ खड़े होंगे। हमारे छात्रों का प्यार और समर्थन हमारी सबसे बड़ी ताकत है। सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं हो सकता।”
दिल्ली से पहुंचे यूपीएससी शिक्षक ने प्रिंस यादव को मिलनसार और प्रतिभाशाली युवा बताते हुए उनकी असामयिक मृत्यु को बेहद दुखद बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और न्यायपालिका निष्पक्ष जांच कर परिवार को न्याय दिलाएगी।
निष्पक्ष जांच सरकार की जिम्मेदारी
सहरसा विधायक इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता ने कहा कि प्रिंस यादव की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और पीड़ित परिवार के साथ वह मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक द्वारा उठाए गए संदेहों का निष्पक्ष जांच के जरिए समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है।
वहीं मधेपुरा सांसद दिनेश चंद्र यादव ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि प्रिंस यादव एक होनहार नौजवान थे। उन्होंने राज्य सरकार से मामले की व्यापक जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि नेपाल सरकार से समन्वय स्थापित कर सभी पहलुओं की जांच की जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आए और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।