Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:मटन-शराब पार्टी में पिस्तौल लहराकर बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल होते ही 24 घंटे में गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, September 13, 2026

BIHAR:मटन-शराब पार्टी में पिस्तौल लहराकर बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल होते ही 24 घंटे में गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराकर दहशत फैलाने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने के मामले में बखरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. बखरी थाना क्षेत्र के बदिया गांव में मटन और शराब की पार्टी के दौरान पिस्तौल लहराते हुए वीडियो वायरल करने के आरोपी हीरा यादव उर्फ पिंटू यादव को पुलिस ने उसके घर से दबोच लिया. एसपी मनीष के निर्देश पर हुई कार्रवाई में प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की गई.

वायरल वीडियो और संज्ञान

बताया जाता है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था. इसमें कुछ युवक शराब और मटन की पार्टी करते दिखाई दे रहे थे. इसी दौरान एक युवक हाथ में देशी पिस्तौल लेकर उसका खुलेआम प्रदर्शन करता नजर आया था.

वीडियो में पास में देशी पिस्तौल रखे होने की बात भी सामने आई थी. बैकग्राउंड में भोजपुरी गाना रंगदारी मिलल है विरासत में बज रहा था. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की.

पुलिस की छापेमारी और गिरफ्तारी

एसपी मनीष ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर बखरी थाना पुलिस को वीडियो का सत्यापन कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी का निर्देश दिया. जांच और तकनीकी सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की.

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बदिया गांव स्थित अपने घर में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसके घर पर छापेमारी की और हीरा यादव उर्फ पिंटू यादव को गिरफ्तार कर लिया.

आपराधिक इतिहास और धाराएं

पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 25(1)(a) एवं 25(9) आर्म्स एक्ट तथा धारा 66 आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.

पूछताछ में आरोपी ने वायरल वीडियो में हथियार के साथ अपनी मौजूदगी और संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. वह विभिन्न आपराधिक मामलों में दो बार जेल जा चुका है.

एसपी का सख्त संदेश

पुलिस का कहना है कि जेल से बाहर आने के बाद भी वह इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने की कोशिश में इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा. एसपी मनीष ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय का माहौल बनाने, कानून-व्यवस्था को चुनौती देने अथवा आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे तत्वों पर पुलिस की लगातार नजर है और उनके खिलाफ कड़ी विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी.