Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बाइक चोरी का खुलासा, CCTV से पकड़ाया चोर,4 चोरी की बाइक बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, June 24, 2026

BIHAR:बाइक चोरी का खुलासा, CCTV से पकड़ाया चोर,4 चोरी की बाइक बरामद

बांका में बाइक चोरी का खुलासा, CCTV से पकड़ाया चोर

एक आरोपी गिरफ्तार, निशानदेही पर 4 चोरी की बाइक बरामद

बांका जिले के रजौन प्रखंड कार्यालय के सामने हुई बाइक चोरी की घटना का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। रजौन पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसकी निशानदेही पर चार चोरी की बाइकें बरामद की हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजौन थाना क्षेत्र के कठरंग गांव निवासी प्रदीप यादव के पुत्र अजीत यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताया जा रहा है कि अजीत यादव लंबे समय से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

CCTV फुटेज से हुई पहचान

जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार को परघड़ी गांव निवासी स्वच्छता कर्मी सौरभ कुमार की बाइक रजौन प्रखंड कार्यालय के सामने से चोरी हो गई थी। घटना के बाद कार्यालय परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक युवक बाइक चोरी करते हुए साफ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस और प्रखंड कर्मी उसकी पहचान में जुट गए।

इसी बीच आरोपी अजीत यादव अगले ही दिन फिर बाइक चोरी करने के इरादे से प्रखंड कार्यालय परिसर में पहुंच गया। वहां मौजूद कर्मियों ने CCTV फुटेज में दिखे चेहरे से उसकी पहचान कर ली और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पूछताछ में कबूला अपराध

रजौन थानाध्यक्ष राज रतन ने बताया कि पूछताछ के दौरान अजीत यादव ने बाइक चोरी की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर कठरंग गांव स्थित एक घर में छापेमारी की गई, जहां से चार चोरी की बाइकें बरामद हुईं।

बरामद बाइकों में दो रजौन क्षेत्र से चोरी की गई हैं, जबकि एक बाइक अमरपुर क्षेत्र से चोरी हुई थी। एक अन्य बाइक के संबंध में अभी जांच जारी है।

पुलिस कर रही गहन जांच

पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीपीओ इंद्रजीत बैठी ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़े बाइक चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।