Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:कार के 'सीक्रेट चेंबर' में छिपा था ₹40000000 का नशा, बंगाल-बिहार के बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, June 25, 2026

BIHAR:कार के 'सीक्रेट चेंबर' में छिपा था ₹40000000 का नशा, बंगाल-बिहार के बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़

किशनगंज पुलिस की बड़ी सफलता, 4.70 करोड़ की स्मैक बरामद; दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। किशनगंज पुलिस ने कोचाधामन थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 2.357 किलोग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 70 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त और तकनीकी सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप चारपहिया वाहन से कोचाधामन थाना क्षेत्र होकर गुजरने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

वाहन जांच के दौरान पकड़ी गई खेप

विशेष टीम द्वारा कोचाधामन थाना क्षेत्र के रहमतपाड़ा के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मस्तान चौक की ओर से आ रही एक कार पुलिस को देखकर अचानक मुड़कर भागने लगी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर बोनट के अंदर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त बॉक्स से 2.357 किलोग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद हुई।

दो तस्कर गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधेपुरा निवासी 26 वर्षीय रजनीश कुमार और 19 वर्षीय सुशांत कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के लिए काम करते हैं। इस गिरोह के तार बिहार के मधेपुरा और पश्चिम बंगाल के मालदा से जुड़े बताए जा रहे हैं।

मालदा से मधेपुरा लाई जा रही थी खेप

पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की खेप पश्चिम बंगाल के मालदा से मधेपुरा लाई जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। बिहार और पश्चिम बंगाल के कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

कार और मोबाइल फोन भी जब्त

इस मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 343/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल एक किआ सोनेट कार (BR02BS0143) और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

लोगों से सूचना देने की अपील

एसपी संतोष कुमार ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को एएनटीएफ हेल्पलाइन पर साझा करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई होगी।