Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA:स्मैक की लत से परेशान युवक ने फंदे से लटककर दी जान, नशा मुक्ति केंद्र से लौटने के बाद हुई घटना - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, June 11, 2026

PURNEA:स्मैक की लत से परेशान युवक ने फंदे से लटककर दी जान, नशा मुक्ति केंद्र से लौटने के बाद हुई घटना

हेडलाइन:
स्मैक की लत से परेशान युवक ने फंदे से लटककर दी जान, नशा मुक्ति केंद्र से लौटने के बाद हुई घटना

:::  पूर्णिया। जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र में नशे की लत से परेशान एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। 26 वर्षीय युवक का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक की पहचान इटहरी पंचायत के हरीपुर गांव निवासी मनोज मंडल के पुत्र छोटू कुमार मंडल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार छोटू लंबे समय से स्मैक की लत का शिकार था। उसकी स्थिति को देखते हुए कुछ समय पहले उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उसे घर वापस लाया गया, लेकिन वह नशे की आदत पूरी तरह छोड़ नहीं पाया था।

गुरुवार को उसका शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी होने लगीं। कुछ लोगों ने मामले को लेकर संदेह जताया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सूचना मिलने पर धमदाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि युवक नशे का आदी था और फंदे से लटककर आत्महत्या करने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। इसके बावजूद पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। :::