खगड़िया। जिले में गुरुवार को हुई वज्रपात की घटनाओं ने मातम का माहौल पैदा कर दिया। चौथम और बेलदौर प्रखंड में अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
चौथम प्रखंड के पौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्हौली बहियार स्थित दुखहरण बाबा स्थान के समीप खेत में काम कर रहे लोगों पर अचानक वज्रपात हो गया। इस दर्दनाक हादसे में कन्हौली यादव टोला निवासी 62 वर्षीय विद्यानंद यादव, उनके 26 वर्षीय पुत्र आशुतोष यादव और 10 वर्षीय पौत्र अंकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में विमल यादव और सुशील कुमार समेत चार लोग झुलस गए। इनमें दो का इलाज चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जबकि दो गंभीर घायलों को सदर अस्पताल खगड़िया रेफर किया गया है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि इलाजरत दोनों घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। वहीं पौरा थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है।
उधर बेलदौर प्रखंड के इतमादी सरस्वती नगर वार्ड संख्या-7 स्थित लबघड़िया गांव में एक ही परिवार के पांच लोग वज्रपात की चपेट में आ गए। इस हादसे में 35 वर्षीय जवाहर शर्मा की मौत हो गई, जबकि शंभू शर्मा, बेलो शर्मा, रुक्मणी देवी और रेखा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में रेखा देवी की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
वहीं बलैठा पंचायत के नागपुर गांव में 18 वर्षीय मणि लाल कुमार की भी ठनका गिरने से मौत हो गई। बेलदौर अंचलाधिकारी अमित कुमार ने दोनों घटनाओं में मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
वज्रपात से जनहानि के अलावा पशुधन को भी नुकसान पहुंचा है। इतमादी पंचायत के भोरबथना गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक दुधारू गाय की मौत हो गई। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग खेतों व खुले स्थानों पर जाने से बच रहे हैं।
इधर मौसम विभाग ने खगड़िया समेत राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तेज आंधी, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खेतों, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। :::