पूर्णिया। सोशल मीडिया पर हथियार के साथ रील बनाकर भौकाल दिखाना एक महिला को भारी पड़ गया। पूर्णिया जिले के रघुवंशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरसिया नवटोलिया (वार्ड संख्या-13) की रहने वाली खुशबू देवी उर्फ मौसम कुमारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला का एक वीडियो, जिसमें वह हाथ में अवैध देसी कट्टा लिए नजर आ रही थी, 8 जून 2026 से इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हो रहा था।
मामले का संज्ञान लेते हुए स्थानीय चौकीदार सुनील पासवान की लिखित शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने महिला की पहचान की और जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया बड़ा खुलासा
थाने में पूछताछ के दौरान खुशबू देवी ने कई अहम खुलासे किए। महिला ने पुलिस को बताया कि वीडियो में दिख रहा देसी कट्टा उसका नहीं है। उसके मुताबिक, यह अवैध हथियार गांव के ही रहने वाले अवधेश मंडल का है।
महिला का कहना है कि अवधेश मंडल के कहने पर उसने हथियार हाथ में लेकर वीडियो बनवाया था। हालांकि बाद में उसी युवक ने रील को इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही यह पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
पुलिस ने दी कड़ी चेतावनी
रघुवंशनगर थानाध्यक्ष शिशुपाल कुमार ने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर डर का माहौल बनाना या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा,
“सोशल मीडिया पर हथियारों का भौकाल दिखाना या कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करना भारी पड़ेगा। गिरफ्तार महिला के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही हथियार उपलब्ध कराने वाले युवक की तलाश जारी है।”
मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी
पुलिस अब उस युवक अवधेश मंडल की तलाश में जुटी है, जिसने कथित तौर पर महिला को हथियार दिया था। अवैध कट्टे की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रघुवंशनगर थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो बनाकर वायरल होने की कोशिश करने वालों में हड़कंप मच गया है।