Roshan Anand Sir Brother Prince Yadav Death Case: पटना के मशहूर कोचिंग 'ज्ञान बिंदु' के डायरेक्टर रौशन आनंद सर के परिवार पर इस समय मुसीबतों का सबसे बड़ा पहाड़ टूट पड़ा है। एक तरफ जहां रौशन सर खुद जेल की सलाखों के पीछे बंद हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर होटल में संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई है। टीवी रिपोर्ट के मुताबिक प्रिंस यादव का शव नेपाल के विराटनगर के होटल में 13 जून की देर रात संदिग्ध स्थिति में मिली है। नेपाल पुलिस मौत या हत्या दोनों एंगल को लेकर जांच कर रही है। खान सर के कोचिंग पर हुए हमले में प्रिंस आरोपी भी था।
पटना/नेपाल। पटना के चर्चित खान सर कोचिंग विवाद में रविवार को बड़ा मोड़ आ गया। ज्ञानबिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। होटल के कमरे से उनका शव बरामद किया गया है। इस घटना के बाद पूरे पटना के कोचिंग जगत में सनसनी फैल गई है।
प्रिंस यादव का नाम 2 जून को हुए खान ग्लोबल स्टडीज विवाद मामले में दर्ज FIR में शामिल था। खान सर की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में प्रिंस को मुख्य आरोपियों में नामजद किया गया था। FIR के बाद से ही वह गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने 6-7 दोस्तों के साथ नेपाल में रह रहा था।
सूत्रों के अनुसार, देर रात नेपाल के होटल में प्रिंस यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। सुबह जब कमरे से कोई हलचल नहीं हुई तो होटल कर्मचारियों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खुलवाया, जहां प्रिंस का शव पड़ा मिला।
FIR में क्या आरोप लगाए गए थे?
खान सर की कोचिंग का मैनेजमेंट देखने वाले कन्हैया कुमार सिंह ने कदमकुआं थाना में दर्ज FIR में गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत के मुताबिक, 2 जून 2026 की रात करीब 10 बजे क्लास खत्म होने के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के कहने पर हमला किया गया।
FIR में कहा गया कि प्रिंस यादव, अभिषेक, गौरव और 15-20 अन्य लोगों ने कोचिंग गेट पर पहुंचकर गार्ड चुनचुन के साथ मारपीट की। इस हमले में गार्ड का सिर फट गया। आरोप है कि हमलावरों ने कोचिंग संस्थान में तोड़फोड़ की, बैरिकेडिंग तोड़ी और खान सर के पोस्टर व बोर्ड को नुकसान पहुंचाया।
2021 में भी लगा था हमला कराने का आरोप
प्रिंस यादव पर यह पहला आरोप नहीं था। वर्ष 2021 में भी खान सर की कोचिंग पर हमले के मामले में उनका नाम सामने आया था। इसी वजह से पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है।
रौशन आनंद जेल में, आज बेल पर सुनवाई
कोचिंग विवाद मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। फिलहाल रौशन आनंद जेल में बंद हैं। सोमवार को उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है।
खान सर पर भी हुई थी FIR
इस विवाद में केवल विरोधी पक्ष ही नहीं, बल्कि खान सर भी कानूनी दायरे में आए थे। घटना के दौरान खान सर के गार्ड्स की फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने खान सर और उनके गार्ड्स पर भी FIR दर्ज की थी।
हालांकि, पटना सिविल कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। वहीं उनके दोनों गार्ड्स की जमानत याचिका खारिज हो चुकी है और दोनों फिलहाल जेल में हैं।
मौत या साजिश?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रिंस यादव की मौत सामान्य है, आत्महत्या है या फिर हत्या। नेपाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और होटल में मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
प्रिंस यादव की रहस्यमयी मौत ने खान सर कोचिंग विवाद को और भी ज्यादा संवेदनशील बना दिया है। आने वाले दिनों में इस केस में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
कौन था प्रिंस यादव? (Who was Prince Yadav)
मूल रूप से सहरसा के रहने वाले और पटना के चर्चित शिक्षक रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस कुमार यादव की अपनी एक अलग पहचान थी। प्रिंस यादव बिहार के सहरसा जिले से जुड़े बताए जाते हैं और ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के छोटे भाई थे। स्थानीय स्तर पर उनकी राजनीतिक सक्रियता की भी चर्चा रही है। जानकारी के मुताबिक, वे भविष्य में जिला परिषद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे और अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय थे।