हेडलाइन:
सुपौल में 17 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान, घर में अकेली थी; डिप्रेशन की आशंका
सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलकाहा गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 17 वर्षीय किशोरी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
मृतका की पहचान फूलकाहा निवासी वीरेंद्र यादव की 17 वर्षीय पुत्री अम्बिका कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह घर के सभी सदस्य मूंग तोड़ने के लिए खेत गए थे। घर से निकलने से पहले अम्बिका की मां ने उसे घर पर रुककर भोजन तैयार करने को कहा था।
कुछ देर बाद जब अम्बिका की मां घर लौटीं तो कमरे का दरवाजा बंद नहीं, बल्कि अंदर से सटा हुआ मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। आशंका होने पर दरवाजा खोला गया तो अम्बिका कमरे के अंदर लकड़ी की बल्ली से फंदे के सहारे लटकी हुई मिली।
यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। बताया जाता है कि अम्बिका तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी दो बड़ी बहनें हैं। उसकी अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
जदिया थाना प्रभारी उदय कुमार, पुलिस पदाधिकारी एस.एन. पाठक एवं पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया।
थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि किशोरी ने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पूरे फूलकाहा गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।