हेडलाइन:
बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: कई जिलों के DM-SP बदले, 27 IPS और कई IAS अधिकारियों का तबादला
पटना: बिहार सरकार ने प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए कई IAS और IPS अधिकारियों का तबादला कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग और गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कई जिलों को नए जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) मिले हैं। इस बदलाव का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाना और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना बताया जा रहा है।
राजधानी पटना समेत कई अहम जिलों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। पटना, मुजफ्फरपुर, नालंदा, रोहतास, भागलपुर, गोपालगंज, किशनगंज और खगड़िया जैसे जिलों में नए जिलाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पटना के नए DM के रूप में कुन्दन कुमार को नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्व DM त्यागराजन एस.एम. को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
मुजफ्फरपुर के नए जिलाधिकारी कुमार गौरव होंगे, जबकि उदिता सिंह को नालंदा का DM बनाया गया है। दीपक कुमार मिश्रा को रोहतास, अलंकृता पाण्डेय को भागलपुर और समीर सौरभ को गोपालगंज का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा पूर्वी चंपारण, किशनगंज, खगड़िया और जहानाबाद में भी नए DM की तैनाती की गई है।
वरिष्ठ स्तर पर भी कई बड़े बदलाव हुए हैं। आनंद किशोर को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। रॉबर्ट एल. चोंगथू को संसदीय कार्य विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। वहीं मो. सोहैल को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है।
27 IPS अधिकारियों का तबादला, 13 जिलों में नए SP
विधि-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बिहार सरकार ने 27 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। राजधानी पटना की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तीन नए सिटी एसपी की नियुक्ति की गई है।
ममता कल्याणी को पटना सेंट्रल का सिटी एसपी, शैलजा को पटना पूर्वी और संकेत कुमार को पटना पश्चिमी क्षेत्र का सिटी एसपी बनाया गया है।
पुलिस महकमे में हुए इस बड़े बदलाव के तहत शौर्य सुमन को पूर्णिया का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। कुमार गौतम को पश्चिम चंपारण, उपेन्द्र नाथ वर्मा को औरंगाबाद, शुभांक मिश्रा को वैशाली और भानु प्रताप सिंह को खगड़िया का नया एसपी बनाया गया है।
इसके अलावा शिखर चौधरी को कैमूर, परिचय Kumar को कटिहार, किरण कुमार को जहानाबाद और विक्रम सिहाग को सहरसा का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। शैलेंद्र सिंह को शिवहर तथा राजेश कुमार को बगहा का नया एसपी बनाया गया है।
स्वीटी सहरावत को पूर्णिया एसएसपी पद से हटाकर विशेष शाखा में भेजा गया है। वहीं अपराजीत को BSAP-16 पटना का समादेष्टा बनाया गया है। चंद्र प्रकाश को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
सरकार का मानना है कि इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल से जिलों में शासन-प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था पर बेहतर नियंत्रण स्थापित होगा।