मधेपुरा में तिरंगे से छेड़छाड़: अशोक चक्र की जगह लगाया ‘चांद-तारा’, आरोपी गिरफ्तार
मुरलीगंज (मधेपुरा)। मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र से राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का गंभीर मामला सामने आया है। मीरगंज चौक पर लगाए गए एक झंडे में कथित तौर पर राष्ट्रीय तिरंगे के स्वरूप के साथ छेड़छाड़ की गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, झंडे को जब्त किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मीरगंज वार्ड संख्या 10 निवासी स्वर्गीय मु. सलामत के पुत्र मु. दुखन के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।
रात में मिली सूचना, तुरंत हरकत में आई पुलिस
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10 बजे मुरलीगंज पुलिस को सूचना मिली कि मीरगंज-कुमारखंड स्टेट हाईवे-91 पर मीरगंज चौक के पास एक पान दुकान के सामने लगे झंडे में राष्ट्रीय ध्वज के स्वरूप को बदल दिया गया है।
सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
अशोक चक्र की जगह बनाया गया चांद-तारा
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि झंडे में अशोक चक्र की जगह ‘चांद-तारा’ का चिन्ह बनाया गया था। घटना रात के समय हुई थी, इसलिए शुरुआत में स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में किसी जागरूक नागरिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके से सड़क किनारे बांस में टंगा झंडा बरामद किया। दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में झंडे को जब्त कर जब्ती सूची तैयार की गई।
स्थानीय पूछताछ में सामने आया आरोपी का नाम
मौके पर जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान इस कृत्य में मु. दुखन का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल आरोपी के घर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर थाना ले आई।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना के पीछे उसकी मंशा क्या थी तथा क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।
राष्ट्रीय ध्वज से छेड़छाड़ गंभीर अपराध
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय ध्वज के स्वरूप के साथ छेड़छाड़ करना संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद Kumar ने बताया कि तिरंगे के स्वरूप के साथ छेड़छाड़ की पुष्टि हुई है। एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।